लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि, जिसकी बात सुनना आवश्यक है - पूर्व विधायक श्री भारती दतिया |


    पूर्व विधायक श्री राजेन्द्र भारती ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि है, जिसकी बात सुनना आवश्यक है। इसी अवधारणा को मूर्तरूप देने के लिए मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम शुरू किया है। श्री भारती ने यह बात आज बसई में आयोजित खंड स्तरीय आपकी सरकार आपके द्वार शिविर में कही। इस मौके पर हितग्राहीमूलक एवं स्वरोजगार मूलक योजनाओं के अंतर्गत कुल 35 लाख 9 हजार रूपये के हितलाभ जरूरतमंदों को बांटे गए। 
    श्री भारती ने कहा कि जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए ही आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम शुरू हुआ है। जनता के लिए प्रशासन की जवाबदारी के क्रियावन्यन में किसी तरह की  दूरियां ना रहें, इस भावना को भी यह कार्यक्रम मूर्तरूप दे रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के कल्याण के लिए जितनी भी योजनाओं संचालित की जा रहीं हैं, उन सभी का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाना भी इस कार्यक्रम की मूल भावना से जुड़ा है।
 



   श्री भारती ने आश्वस्त किया कि इन शिविरों के माध्यम से जनता की समस्याओं का निराकरण होगा। उन्होंने पिछले समय का जिक्र करते हुए कहा कि कर्मचारियों में कार्य संस्कृति विकसित हो रही है। उन्होंने कहा कि जनता के कार्य सकारात्मक सोच के साथ किए जाने चाहिए। श्री भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि जनता के कार्य सकारात्मक तरीके से किए जाने चाहिए। जनता की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियम कानून इंसानियत के लिए बने हैं, जिसका उसी के अनुरूप कार्य किया जाना चाहिए। उन्होंने बसई के लोगों की बंदोवस्त की कमियों के हल के लिए बसई में कैम्प आयोजित करने का कलेक्टर से अनुरोध किया। आपने कहा कि पात्रता पर्चियों के सत्यापन के दौरान सही व्यक्तियों के नाम नहीं छूटना चाहिए और अपात्र लोगों के नाम काटे जाने चाहिए। उन्होंने प्रशासन को सहयोग देने का जनता से अनुरोध किया। 



    कलेक्टर श्री बी.एस. जामोद ने कहा कि आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के जरिए सरकार के अधिकारी जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को ना केवल सुन रहे हैं, बल्कि उनका निराकरण भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन के अधिकारी सुबह सबेरे किसी गांव में ग्रामीणों के बीच पहुंचकर योजनाओं की जमीनी हकीकत जानते हैं। वहां अधिकारी अपने-अपने विभाग की गतिविधियों की जानकारी भी लेते हैं। 
    कलेक्टर ने कहा कि जनता द्वारा शिविर में प्रस्तुत एक-एक आवेदन को दर्ज किया जाता है और उसी समय अथवा निश्चित समय सीमा में उनका निस्तारण कर दिया जाता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जितने भी आवेदन प्राप्त हों, उनका सकारात्मक सोच के साथ निराकरण किया जाए। 
    श्री दामोदर सिंह यादव ने उक्त अवसर पर कहा कि प्रशासन द्वारा सकारात्मक नजरिए के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन अच्छा काम करेगा तो सरकार की भी तारीफ होगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि आपको और सरकार को मिलकर जनता के कार्य कराने हैं और उनकी समस्याओं का निस्तारण कराना है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार गरीब जनता एवं किसानों की सरकार है। जिनके कल्याण के लिए सकारात्मक सोच के साथ कार्य कर रही है। श्री सतेन्द्र खरे ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गांव एवं क्षेत्र के विकास तथा छोटी-छोटी समस्याओं के  निराकरण के लिए आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम शुरू किया गया है। उन्होंने जनता से कहा कि यह सारे कार्य तभी पूर्ण होंगे जब इनमें आपकी भागीदारी होगी। कार्यक्रम को श्री बद्री समाधिया एवं श्री मुरारीलाल गुप्ता ने भी संबोधित किया। 
    शिविर में पुलिस अधीक्षक श्री डी. कल्याण चक्रवर्ती, गांव की सरपंच श्रीमती नेहा सहारिया समेत बड़ी संख्या में ग्रामवासी, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण उपस्थित थे। इस मौके पर विभिन्न विभागों द्वारा कांउटर लगाए गए थे, जहां जनता से आवेदन प्राप्त कर उनका पंजीयन किया गया।


Comments