कलेक्टर डॉ. जगदीश चंद्र जटिया ने कहा कि खेलों के माध्यम से हमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की प्रेरणा मिलती है


         केन्द्रीय विद्यालय में आयोजित वार्षिक खेल महोत्सव के अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. जगदीश चंद्र जटिया ने कहा कि खेलों के माध्यम से हमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की प्रेरणा मिलती है। जीवन में खेलों का बहुत महत्व है। व्यक्ति के सर्वांगीण विकास में खेलों की महती भूमिका होती है। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य उपेन्द्र कुमार पाण्डेय सहित शाला प्रबंधन समिति एवं पालक शिक्षक संघ के सदस्य, शिक्षक तथा विद्यालय के छात्र-छात्राऐं उपस्थित रहे।
         कलेक्टर डॉ. जगदीश चंद्र जटिया ने कहा कि विद्यालय स्तर पर होने वाली खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। विभिन्न शालाओं में छिपी प्रतिभाऐं ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से सामने आती हैं जो आगे जाकर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाती हैं। इन प्रतियोगिताओं में सफल विद्यार्थियों को देखकर अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों का आव्हान किया कि वे खेल और संस्कृति के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी जिले का नाम रोशन करें। इससे पूर्व कार्यक्रम का प्रारंभ सरस्वती वंदना से किया गया। संस्था के प्राचार्य उपेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा पौधा प्रदान कर कलेक्टर का स्वागत किया गया। कलेक्टर द्वारा ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली गई। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य श्री पाण्डेय द्वारा कार्यक्रम की उपादेयता पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं द्वारा भांगड़ा एवं जुम्बा डांस की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई। कार्यक्रम में विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले छात्र यश अग्रवाल, दीपक मरावी एवं छात्रा तनुजा मरावी को कलेक्टर द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के सफल प्रतियोगियों को पुरूस्कार प्रदान किए गए।


Comments