आज भी राजधानी भोपाल समेत संपूर्ण मध्यप्रदेश में शांति कायम है

भोपाल। अयोध्या मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले के दूसरे दिन आज भी राजधानी भोपाल समेत संपूर्ण मध्यप्रदेश में शांति कायम है। बाजार खुले हुए हैं। लोग परिवार के साथ दुकानों पर सामान खरीदने पहुंच रहे हैं।हालाकि पुलिस और प्रशासन का अमला पूरे राज्य में स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


राजधानी के पुराने शहर में आज अधिकांश छोटी दुकाने खुली हुई है।शहर के बाहरी इलाकों में स्थिति लगभग सामान्य सी हो गयी है। चाय-नाश्ते की दुकानों पर भीड़ है।



इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, रीवा, उज्जैन, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर और अन्य स्थानों से यहां पहुंची सूचनाओं के अनुसार कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सभी 52 जिलों में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। इन सब जगहों पर भी स्थिति सामान्य होने आशा है।


भोपाल में जनजीवन रोज की तरह सामान्य


कलेक्टर तरुण पिथोडे़ और डीआईजी इरशाद वली अन्य अधिकारियों के साथ दिन रात गश्त कर रहे हैं तो कमिश्नर और एडीजीपी भी कंट्रोल रूम में रुककर और फील्ड में जाकर कानून व्यवस्था पर नजर रखे हुए हैं। नागरिकों से प्रशासन के अधिकारी लगतार सम्पर्क और संवाद कर रहे हैं।
कमिश्नर कल्पना श्रीवास्तव और एडीजीपी आदर्श कटियार ने सुबह पीरगेट के व्यस्ततम चौराहे पर सामान्य होते जन-जीवन को देखा। उन्होंने यहां नागरिकों से बातचीत की और जिला प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया। इस अवसर पर डीआईजी ग्रामीण शैलेन्द्र सिंह चौहान तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


दोनों अधिकारी बाद में काजीकैंप, डीआईजी बंगला, छोला, नादरा बस स्टैंड, मुख्य रेल्वे स्टेशन, भारत टाकीज, कालीघाट, जहांगीराबाद आदि क्षेत्रों का दौरा कर वहां के हालात से अवगत हुए। किसी भी क्षेत्र में कोई तनाव आदि नहीं देखा गया। नागरिक भी रोज की तरह अपने कामकाज में लगे हुए हैं। सिटी बस, मैजिक, आटो आदि भी सामान्य दिनों की तरह चल रहे हैं। अधिकतर बाजार भी खुले हुए हैं।


Comments